बलरामपुर : खाद स्टॉक में गड़बड़ी, समिति प्रबंधक निलंबित
बलरामपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। बड़कागांव सहकारी समिति के निरीक्षण में रासायनिक खाद के ऑनलाइन और भौतिक स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर आज शुक्रवार समिति प्रबंधक भागवत प्रसाद गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
28 जुलाई को कलेक्टर द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन स्टॉक और मौके पर उपलब्ध खाद की मात्रा में अंतर पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि जून माह में समिति में 560 बोरी यूरिया पहुंची थी, लेकिन उसका स्टॉक पंजी में दर्ज नहीं किया गया।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने भी शिकायत की कि कई बार समिति के चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही थी।
रासायनिक खाद वितरण, स्टॉक के रखरखाव और अभिलेख संधारण में लापरवाही पाए जाने पर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बड़कागांव के प्राधिकृत अधिकारी ने तत्कालीन समिति प्रबंधक भागवत प्रसाद गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

