home page

अंबिकापुर : शादी का झांसा देकर तीन साल तक युवती का दैहिक शोषण करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 
अंबिकापुर : शादी का झांसा देकर तीन साल तक युवती का दैहिक शोषण करने वाला आरोपित गिरफ्तार


अंबिकापुर, 07 मई (हि.स.)। सरगुजा पुलिस ने महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए बतौली थाना क्षेत्र में एक युवती का दैहिक शोषण करने वाले आरोपित को रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

फेसबुक के जरिए शुरू हुई जान-पहचान और शादी के झूठे वादे ने युवती को तीन साल तक प्रताड़ना के जाल में फंसाए रखा। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता का परिचय वर्ष 2022 में बतौली निवासी विक्रम सिंह से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से हुआ था। समय के साथ यह परिचय प्रेम संबंध में बदल गया।

05 अक्टूबर 2022 को आरोपित विक्रम पीड़िता के घर पहुंचा और उसे पत्नी बनाकर रखने का वादा करते हुए अपने साथ ले गया। वहां पीड़िता की असहमति के बावजूद उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वर्ष 2022 से 2025 तक आरोपित लगातार शादी का प्रलोभन देकर पीड़िता का शोषण करता रहा। इस दौरान मई 2025 में जब पीड़िता गर्भवती हुई, तो आरोपित ने उसे दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। वर्ष 2026 में आरोपित ने पीड़िता से बातचीत बंद कर दी और शादी के वादे से साफ मुकर गया।

धोखाधड़ी और प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने थाना बतौली में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस ने 06 मई 2026 को अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(M), 69 और 88 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया। विवेचना के दौरान बतौली पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित विक्रम सिंह (22 वर्ष), पिता पन्न सिंह, निवासी गहिला (गौटियापारा) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर और डॉक्टरी मुलाहिजा कराकर गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह