जांजगीर-चांपा : तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
जांजगीर-चांपा, 26 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूमने और राहगीरों को डराने-धमकाने वाले युवक के खिलाफ चांपा पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तलवारनुमा लोहे का धारदार हथियार जब्त किया है। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर उसे साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज चांपा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रानी रोड स्थित थाना चौक के पास एक व्यक्ति तलवारनुमा धारदार हथियार लेकर घूम रहा है। वह सड़क से आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चांपा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपित की पहचान कमलेश कुमार देवांगन (46 वर्ष), निवासी रानी रोड, चांपा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का तलवारनुमा धारदार हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपित को हथियार रखने से संबंधित वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में धारदार हथियार को विधिवत जब्त कर लिया। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

