home page

जल संरक्षण की बड़ी पहल: जिले के 357 जल स्रोतों पर बनेंगे सैंड फिल्टर, 1.85 करोड़ रुपये स्वीकृत

 | 
जल संरक्षण की बड़ी पहल: जिले के 357 जल स्रोतों पर बनेंगे सैंड फिल्टर, 1.85 करोड़ रुपये स्वीकृत


धमतरी, 03 अगस्त (हि.स.)। जल संरक्षण और भू-जल संवर्धन को नई गति देने के लिए जिला प्रशासन ने वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले के 357 सामुदायिक जल स्रोतों पर सैंड फिल्टर निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। इस योजना के लिए एक करोड़ 85 लाख 64 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।

धमतरी विकासखंड में 78, कुरूद में 124, मगरलोड में 48 और नगरी में 107 सैंड फिल्टर बनाए जाएंगे, जिनका निर्माण संबंधित ग्राम पंचायतों के माध्यम से निर्धारित समय सीमा में कराया जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि सैंड फिल्टर वर्षा जल के साथ आने वाली मिट्टी, गाद, प्लास्टिक और अन्य अशुद्धियों को प्राकृतिक रूप से छानकर जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इससे तालाबों और कुओं में गाद का जमाव कम होगा, जल गुणवत्ता बेहतर होगी और भू-जल पुनर्भरण को भी बढ़ावा मिलेगा। जलवायु परिवर्तन और लगातार गिरते भू-जल स्तर को देखते हुए यह योजना भविष्य के पेयजल संकट को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे कृषि, मत्स्य पालन और अन्य ग्रामीण आजीविका गतिविधियों को भी अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायतों, जल एवं स्वच्छता समितियों तथा ग्रामीणों से इन संरचनाओं के नियमित रखरखाव और स्वच्छता सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि यह पहल जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के साथ जिले को जल प्रबंधन का अनुकरणीय मॉडल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा