home page

जांजगीर-चांपा में जुए के फड़ पर पुलिस की छापेमारी, 9 गिरफ्तार, 47,500 रुपये नकद सहित वाहन और मोबाइल जब्त

 | 
जांजगीर-चांपा में जुए के फड़ पर पुलिस की छापेमारी, 9 गिरफ्तार, 47,500 रुपये नकद सहित वाहन और मोबाइल जब्त


जांजगीर-चांपा, 11 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जुआ और सट्टे जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज पंतोरा चौकी क्षेत्र के कटरा जंगल में संचालित जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और रिस्पांस टीम की संयुक्त छापेमारी में जुआ खेलते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा पुलिस को पंतोरा चौकी अंतर्गत कटरा जंगल में कुछ लोगों द्वारा जुए का फड़ संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना तैयार की। इसके बाद पंतोरा चौकी पुलिस और रिस्पांस टीम ने संयुक्त रूप से कटरा जंगल में दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई छापेमारी के दौरान मौके पर जुआ खेल रहे 9 लोगों को पकड़ लिया गया।

पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल की जा रही 52 पत्ती ताश के साथ 47 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद की। इसके अलावा घटनास्थल से 11 मोटरसाइकिल, एक ब्रेजा कार और 8 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त वाहनों और अन्य सामान को लेकर पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपिताें में दीपक राय (42 ), निवासी मड़वा, थाना गिधौरी, जिला बलौदाबाजार; रूपचंद रात्रे (36 ), निवासी देवरी, थाना सीपत, जिला बिलासपुर, संजू कुमार सूर्यवंशी (28 ), निवासी रसौटा, थाना पामगढ़, रमेश कुमार कश्यप (28 ), निवासी झूलन, थाना पामगढ़; सुरेंद्र लहरे (26 ), निवासी रसौटा, थाना पामगढ़, सुनील सिंह ठाकुर (27), निवासी कोटमीसोनार, साहिल लहरे (22 ), निवासी रसौटा, थाना पामगढ़, मयंक शर्मा (22), निवासी उसलापुर, जिला बिलासपुर और विशाल सिंह ठाकुर (24 ), निवासी कोटमीसोनार, थाना अकलतरा शामिल हैं।

पकड़े गए आरोपितों में जांजगीर-चांपा जिले के अलावा बिलासपुर और बलौदाबाजार जिले के निवासी भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी 9 आरोपिताें के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पंतोरा क्षेत्र में मिली सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जुए के फड़ का खुलासा किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जुआ और सट्टे में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस द्वारा ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जहां अवैध गतिविधियों के संचालन की सूचना मिल रही है।

इस कार्रवाई में पीएसआई अभिलाष सिन्हा, एएसआई जयनंदन मार्बल, आरक्षक लक्ष्मीनारायण कौशिक, युवराज, नितेश सिंह, भुनेश्वर पटेल, दिलीप माथुर सहित पंतोरा चौकी पुलिस और रिस्पांस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास जुआ, सट्टा या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि संचालित होने की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT