home page

धमतरी : स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं का होगा बड़ा विस्तार, बालिका शौचालय सहित कई निर्माण कार्य स्वीकृत

 | 
धमतरी : स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं का होगा बड़ा विस्तार, बालिका शौचालय सहित कई निर्माण कार्य स्वीकृत


धमतरी, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए बड़े स्तर पर अधोसंरचना विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी योजना के तहत करीब 200 बालिका शौचालय, किचन शेड, मल्टी स्पोर्ट्स सुविधाएं और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से विशेष रूप से छात्राओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिलेगा, वहीं विद्यालयों में खेल, स्वच्छता और अध्ययन की सुविधाएं भी बेहतर होंगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाएं जरूरी हैं और सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरे किए जाएं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने बताया कि विद्यालयों की जरूरत के अनुसार परिसर विकास, मरम्मत, पेयजल और स्वच्छता संबंधी कार्य भी कराए जाएंगे। जिला प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, संसाधनयुक्त और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे नामांकन, नियमित उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा