कोरबा में एसीबी की कार्रवाई, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का बाबू 40 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
कोरबा, 29 मई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए पोड़ी उपरोड़ा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ बाबू को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित बाबू प्रधान पाठक से जीपीएफ पासबुक में कटौती राशि की एंट्री करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला रोगदा विकासखंड करतला में पदस्थ प्रधान पाठक अमृत लाल बघेल ने एसीबी बिलासपुर इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह मई 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं और पूर्व में पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में पदस्थ थे। उस दौरान की जीपीएफ कटौती राशि की एंट्री पासबुक में कराने के लिए उन्होंने अपनी जीपीएफ पासबुक पोड़ी उपरोड़ा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाबू प्रदीप मिश्रा के पास जमा की थी।
आरोप है कि पासबुक में जीपीएफ एंट्री करने के बदले बाबू प्रदीप मिश्रा ने 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। प्रधान पाठक रिश्वत नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने एसीबी से शिकायत कर आरोपित को रंगे हाथ पकड़वाने की मांग की।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। शुक्रवार को आरोपित ने शिकायतकर्ता को ग्राम तुमान स्थित जन समस्या निवारण शिविर के पास पैसे लेकर बुलाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता मिडिल स्कूल तुमान परिसर में पहुंचा और जैसे ही आरोपी प्रदीप मिश्रा ने रिश्वत की रकम लेकर अपनी जेब में रखी, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद कर ली है। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई शासकीय कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी तत्काल सूचना एसीबी को दें।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

