home page

मुख्य नहर लबालब, फिर भी टेल एरिया में पानी की कमी

 | 
मुख्य नहर लबालब, फिर भी टेल एरिया में पानी की कमी


धमतरी, 22 सितंबर (हि.स.)। मुख्य नहर में पर्याप्त पानी होने के बावजूद डाही और हंकारा के टेल एरिया तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। सिंचाई विभाग द्वारा नहर में छोड़े गए पानी का लाभ मुख्य नहर से लगे किसानों को मिल रहा है, लेकिन छोटी नालियों में पानी की मात्रा कम होने के कारण अंतिम छोर के किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उमस और गर्मी के कारण खेतों की नमी तेजी से कम हो रही है और किसान फसलों की सिंचाई के लिए लगातार खेतों की ओर जा रहे हैं। वर्तमान समय में खेतों में पर्याप्त पानी बनाए रखना जरूरी हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि टेल एरिया तक पानी की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो पानी के बंटवारे को लेकर किसानों के बीच विवाद की स्थिति बन सकती है। ग्रामीणों के अनुसार नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं होने से भी पानी खेतों तक पहुंचने में बाधा आ रही है। डाही और हंकारा गांव नहर के अंतिम छोर में आते हैं, जहां पानी पहुंचाने के लिए किसानों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है।

ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग से डाही-हंकारा नहर के टेल एरिया में पानी की मात्रा बढ़ाने तथा नालियों की साफ-सफाई कराने की मांग की है। मांग करने वालों में महेश पाल, भूषण साहू, भानूप्रताप कोटवार, दीनू साहू, नंदकुमार निर्मलकर, भागवत साहू, गोपी किशन साहू, विशेषर मरकाम, महेंद्र कौशिक, भागी ठाकुर, भूपेंद्र महाराज, रामकुमार यादव, युवराज यादव, अर्जुन साहू सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा