महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त से दोगुनी हुई रक्षाबंधन की खुशियां
राखी से पहले खाते में आई राशि, महिलाओं ने कहा- त्योहार की तैयारियों में मिली बड़ी मदद
बलरामपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना के तहत 30वीं किस्त की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की गई है। रक्षाबंधन पर्व से पहले खाते में एक हजार रुपये की राशि पहुंचने से महिलाओं में खुशी का माहौल है। बलरामपुर विकासखंड की ज्योति सोनी ने योजना से मिली राशि को रक्षाबंधन के मौके पर अपने लिए खास सौगात बताया।
ज्योति सोनी ने बताया कि रक्षाबंधन से ठीक पहले खाते में एक हजार रुपये आने से उनकी त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। इस अवसर पर मिली राशि से वह अपने भाइयों के लिए राखी, मिठाई, फल सहित अन्य जरूरी सामान खरीद सकेंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा रक्षाबंधन से पहले राशि अंतरित किए जाने से महिलाओं को त्योहार की तैयारियों में काफी मदद मिली है। उनके अनुसार महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता घरेलू जरूरतों के साथ-साथ परिवार से जुड़े महत्वपूर्ण अवसरों में भी उपयोगी साबित हो रही है।
ज्योति सोनी ने बताया कि वह योजना से मिलने वाली राशि का कुछ हिस्सा अपनी बेटी के भविष्य के लिए भी बचा रही हैं। उन्होंने अपनी बेटी का सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाया है, जिसमें हर महीने कुछ राशि जमा करती हैं। उनका कहना है कि इससे बेटी के भविष्य को सुरक्षित बनाने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि जब महिलाओं के पास अपनी जरूरतों के लिए स्वयं की राशि होती है, तो उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे परिवार से जुड़े फैसलों में अधिक मजबूती से भागीदारी कर पाती हैं। महतारी वंदन योजना की आर्थिक सहायता गृहिणियों को अपनी छोटी-बड़ी जरूरतें पूरी करने में सहायक बन रही है।
ज्योति सोनी ने महतारी वंदन योजना की राशि रक्षाबंधन से पहले अंतरित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि परिवार और त्योहार की खुशियों को अपने हाथों से संवारने का अवसर भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

