home page

ग्रामीणों की चिंता पर प्रशासन ने दिखाई तत्परता

 | 

महावीरगंज में प्लांट से निकलने वाले पानी की हो रही वैज्ञानिक जांच

बलरामपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। जिले के ग्राम महावीरगंज में प्लांट से निकलकर नदी में प्रवाहित हो रहे पानी को लेकर ग्रामीणों द्वारा जताई गई चिंता पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जल विशेषज्ञों की टीम ने प्लांट एवं आसपास के क्षेत्रों से पानी के नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों की वैज्ञानिक जांच जिला जल प्रयोगशाला में की जा रही है।

बलरामपुर पीआरओ से बुधवार काे मिली जानकारी के अनुसार, विकासखंड रामचन्द्रपुर के ग्राम महावीरगंज के ग्रामीणों ने प्लांट से निकलने वाले पानी को लेकर प्रशासन से शिकायत की थी। ग्रामीणों का कहना था कि प्लांट से निकलकर नदी में पहुंच रहे पानी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने पानी से लोगों के बीमार होने, मवेशियों को नुकसान पहुंचने तथा चर्मरोग जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका भी जताई थी।

शिकायत सामने आने के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड बलरामपुर के कार्यपालन अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभागीय अमले एवं जल विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लांट तथा आसपास के क्षेत्रों से पानी के नमूने लिए।

कार्यपालन अभियंता के अनुसार एकत्र किए गए पानी के नमूनों को जिला जल प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। प्रयोगशाला में पानी की गुणवत्ता एवं उसमें मौजूद तत्वों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित जल के नमूनों को राज्य स्तरीय विशेषज्ञ प्रयोगशाला में भी परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। इससे पानी की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों द्वारा जताई गई आशंकाओं की वैज्ञानिक स्तर पर जांच हो सकेगी और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जा सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय