home page

जून के बाद रुकेगी राशि, बुजुर्ग महिलाओं के लिए ई-केवाईसी बड़ी चुनौती

 | 
जून के बाद रुकेगी राशि, बुजुर्ग महिलाओं के लिए ई-केवाईसी बड़ी चुनौती


धमतरी, 16 मई (हि.स.)। महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 1000 रुपये की सहायता राशि अब कई बुजुर्ग और असहाय महिलाओं के लिए संकट का कारण बनती दिख रही है। शासन द्वारा 30 जून तक ई-केवाईसी अनिवार्य किए जाने के बाद बड़ी संख्या में ऐसी हितग्राही सामने आई हैं जो उम्र, बीमारी या शारीरिक अक्षमता के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रही हैं।

धमतरी जिले में हजारों महिलाएं अब भी ई-केवाईसी से वंचित हैं, जिससे जून के बाद योजना की किस्त रुकने को लेकर चिंता बढ़ गई है।

महतारी वंदन योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा पात्र महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके दैनिक खर्चों में सहयोग करना है। योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और वास्तविक हितग्राहियों की पहचान के लिए शासन ने ई-केवाईसी अनिवार्य किया है। इसके तहत आधार और बैंक खातों का सत्यापन किया जा रहा है ताकि योजना का लाभ सही एवं पात्र महिला हितग्राहियों को मिल सके। महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार योजना के तहत धमतरी जिले से कुल 227183 महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं, जिन्हें हर महीने डीबीटी के माध्यम से 1000 रुपये की राशि बैंक खातों में भेजी जा रही है। इनमें से अब तक लगभग 184213 महिलाओं का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है, वहीं शेष 42790 हितग्राहियों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है। वहीं जिले में अब तक 3469 मृत हितग्राहियों के नाम पोर्टल से विलोपित किए जा चुके हैं।

बुजुर्ग महिलाओं को ई-केवाईसी कराने में परेशानी

ग्रामीण क्षेत्रों में बुजुर्ग महिलाएं आधार सत्यापन और फिंगर प्रिंट मिलान नहीं होने से परेशान हैं। उम्र बढ़ने के कारण हाथों के निशान साफ नहीं आने से मशीन बार-बार अस्वीकार कर रही है। वहीं कई महिलाएं बीमार होने या बिस्तर पर होने के कारण लोक सेवा केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्र तक नहीं पहुंच पा रही हैं। ऐसे में राशि बंद होने के डर से महिलाएं परेशान हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से घर पहुंच सेवा या विशेष शिविर लगाने की मांग की है ताकि असहाय और बुजुर्ग हितग्राहियों का ई-केवाईसी आसानी से हो सके। इसके साथ ही आधार कार्ड में त्रुटियों की वजह से भी कई हितग्राहियों को ई-केवाईसी कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मालूम हो कि महतारी वंदन योजना के ई-केवाईसी के मामले में धमतरी जिला प्रदेश में 10 वें स्थान पर है। अब तक 81 प्रतिशत हितग्राहियों ने ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग धमतरी जगरानी एक्का ने बताया कि, बुजुर्ग और असहाय महिलाओं की सुविधा को देखते हुए ई-केवाईसी के लिए विशेष टीम उनके घरों तक जाएगी। इसके लिए लोक सेवा केंद्र के संचालकों से समन्वय किया गया है। निर्धारित तिथि तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले हितग्राहियों के खाते होल्ड कर दिए जाएंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित हितग्राहियों को बकाया राशि एकमुश्त डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा