home page

मगरलोड में पीएमएफएमई कार्यशाला: 14 आवेदन स्वीकृत

 | 
मगरलोड में पीएमएफएमई कार्यशाला: 14 आवेदन स्वीकृत


धमतरी, 22 अप्रैल (हि.स.)। मगरलोड जनपद पंचायत में आज बुधवार काे आयोजित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) की कार्यशाला ने ग्रामीण युवाओं और किसानों के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खोल दिए। आयोजन में योजना की बारीकियों को सरल और व्यावहारिक ढंग से समझाया गया, जिससे प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने 35 प्रतिशत अनुदान, उद्योग स्थापना की प्रक्रिया और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े संभावित व्यवसायों की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि इस योजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर लघु उद्योग स्थापित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की जा सकती है। ग्रामीण अंचल के युवाओं और किसानों को विशेष रूप से उद्यमिता की ओर प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत की सीईओ दिव्या ठाकुर, उद्योग विभाग की प्रबंधक प्रचेता किरण और डीआरपी डा संदीप मेश्राम सहित कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रतिभागियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी हासिल की।मौके पर ही 14 हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत किए गए। इससे इन आवेदकों को शीघ्र योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। कार्यक्रम के अंत में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा