home page

अंबिकापुर : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 45 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, विधायक ने दिया आशीर्वाद

 | 
अंबिकापुर : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 45 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, विधायक ने दिया आशीर्वाद


अंबिकापुर : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 45 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, विधायक ने दिया आशीर्वाद


अंबिकापुर, 08 मई (हि.स.)। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा विकासखंड अंतर्गत लमगांव स्थित श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत एक भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ। भक्तिमय वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 45 जोड़ों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लेकर अपने नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। इस गरिमामय समारोह में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

उन्होंने नवदंपत्तियों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें सुखद भविष्य का आशीर्वाद दिया और कहा कि बेटियां समाज की गरिमा हैं। विधायक मिंज ने राज्य शासन की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए बताया कि सरकार बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है, ताकि आर्थिक अभाव किसी के विवाह में बाधा न बने।

उत्सव के इस माहौल में ढोल-नगाड़ों की थाप और लोकगीतों ने समां बांध दिया, जिससे वर-वधू पक्ष के परिजनों में भारी उत्साह देखा गया। शासन की योजना के अनुरूप प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई, साथ ही उन्हें विवाह प्रमाण पत्र और गृहस्थी के लिए आवश्यक उपहार सामग्री भी भेंट की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, जनपद अध्यक्ष कंचन जायसवाल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी जोड़ों को मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों में जिला कार्यक्रम अधिकारी जे.आर. प्रधान और परियोजना अधिकारी रजनी कुजुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पुनीत कार्य के सफल आयोजन में अपनी सहभागिता निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह