सनकी प्रेमी ने महिला को जिंदा जलाया, उपचार के दौरान मौत
रायपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट क्षेत्र में एक सनकी प्रेमी ने एक महिला काे पेट्राेल डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला बीती रात मेकाहारा में उपचार के दाैरान दम ताेड़ दिया। पुलिस ने आज मंगलवार को पाेस्टमार्टम उपरांत शव परिजनाें काे साैप दिया है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े 9 से 10 बजे के बीच माना बस्ती से बरौंदा जाने वाली सड़क पर एटीसी बिल्डिंग के पीछे ग्रामीणों और राहगीरों ने एक महिला को झुलसी हालत में चीखते-चिल्लाते देखा। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला करीब 65 से 70 फीसदी झुलसी हुई थी। सोमवार देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान आरंग-समोदा निवासी राजकुमारी साहू (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब पांच साल पहले पति से अलग हो गई थी। इसके बाद वह बोरियाकला क्षेत्र में शदाणी दरबार के आसपास अकेली रहकर घरेलू काम करके अपना जीवनयापन कर रही थी।
एएसपी ग्रामीण अभिषेक झा ने बताया कि राजकुमारी और वीरू के बीच शादी से पहले प्रेम संबंध था। घटना वाली रात वीरू ने ही उसे मिलने के लिए बुलाया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित कथित तौर पर पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा था। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि वर्ष 2021 में आरोपित वीरू आरंग के मोखला गांव पहुंचा था, जहां उसने कथित तौर पर राजकुमारी की सास पर टंगिये से हमला किया था। पुलिस अब इस पुराने मामले और वर्तमान घटना के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

