छग की राजधानी रायपुर में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, प्रशासन बोला- पर्याप्त है पेट्रोल-डीजल स्टॉक
रायपुर 14 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल पंपों पर आज गुरुवार को वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोगों में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह फैलने से कई जगह पैनिक बाइंग (घबराहट में खरीदारी) शुरू हो गई। स्थिति को देखते हुए रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन और तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। प्रशासन के अनुसार, लोग सामान्य जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं, जिससे पंपों पर भीड़ बढ़ रही है। कलेक्टर ने अब डिपो से 24 घंटे पेट्रोल सप्लाई कराने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, बिलासपुर में करीब 13 पेट्रोल पंपों के ड्राई होने की खबर सामने आई। बताया गया कि भुगतान लंबित होने के कारण टैंकर नहीं पहुंचे थे, हालांकि अब सप्लाई दोबारा शुरू की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों से पूल वाहन और ईंधन के मितव्ययितापूर्ण उपयोग की अपील की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आग्रह पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी अधिकारी-कर्मचारी एवं आम नागरिकों से कम ईधन का उपयोग करने की अपील की है। इनके आग्रह को रायपुर जिला प्रशासन द्वारा अपनाया गया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने स्वयं इसकी शुरूआत करते हुए कार पूलिंग को अपनाया और सभी अधिकारी-कर्मचारियों से कार पूलिंग को अपनाने और आवश्यकतानुसार ईंधन का उपयोग करने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

