home page

40 वर्षाें से किराए के मकान पर, आवास के लिए जमीन दिलाने की मांग

 | 
40 वर्षाें से किराए के मकान पर, आवास के लिए जमीन दिलाने की मांग


धमतरी, 30 मार्च (हि.स.)। हटकेशर धमतरी के वार्डवासी आज सोमवार को आवास के लिए जमीन दिलाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान वार्डवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खाली सरकारी भूमि पर आवास के लिए जमीन दिलाने मांग की है, क्योंकि वे पिछले 40 वर्षाें से किराए के मकान पर रहने मजबूर हैं।

हटकेशर के वार्डवासी संतोषी निषाद, उर्मिला मानिकपुरी, कांति ढीमर और भारती पटेल ने बताया कि लगभग 20 परिवार विगत 40 वर्षों से बेघर होने के कारण किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने से स्वयं की जमीन नहीं खरीद पा रहे हैं। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने के साथ किराया देना पड़ रहा है जिससे आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। स्वयं की जमीन और घर नहीं होने से परिवार को लगातार असुरक्षा और कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर से हटकेशर वार्ड क्रमांक-एक स्थित ढेंस बाड़ी के पास रिक्त सरकारी भूमि पर आवास के लिए जमीन आबंटित करने की मांग की। इस दौरान पूर्णिमा निषाद, माया निषाद, सुकरो पटेल, राजेश्वरी पटेल, रुपेश निषाद, सोनबती ध्रुव, ज्योति देवदास, यशोदा साहू सहित अन्य वार्डवासी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा