बिलासपुर में लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम का शुभारंभ, 59 स्टेशनों की होगी निगरानी
बिलासपुर/रायपुर 31 अगस्त (हि.स.)। रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने तकनीक के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है। बिलासपुर मंडल के डिवीजनल कंट्रोल में लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया। इस अत्याधुनिक प्रणाली के जरिए अब ट्रेनों की आवाजाही और सिग्नलिंग की स्थिति पर वास्तविक समय में सीधी नजर रखी जा सकेगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज साेमवार को इस अत्याधुनिक सिस्टम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर जीपी खुटे, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक केके सिन्हा, बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बिलासपुर मंडल के डिवीजनल कंट्रोल में स्थापित यह सिस्टम भारतीय रेल में अपनी तरह की पहली महत्वपूर्ण पहल बताई जा रही है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता भारतीय रेल का सबसे बड़ा अल्ट्रा-नैरो-बेज़ल वीडियो वॉल है, जिस पर ट्रेनों की आवाजाही, सिग्नलिंग और परिचालन की स्थिति का व्यापक एवं स्पष्ट दृश्य वास्तविक समय में देखा जा सकेगा।
लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए रेल परिचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एकीकृत और केंद्रीकृत रूप में उपलब्ध होंगी। इससे कंट्रोल कार्यालय में तैनात अधिकारियों को किसी भी समय ट्रेनों की स्थिति और परिचालन से जुड़ी परिस्थितियों का तत्काल आकलन करने में मदद मिलेगी।
सिस्टम की प्रमुख खूबियों में ट्रेनों की रियल टाइम ट्रैकिंग, सिग्नलिंग की निगरानी, यार्ड और ब्लॉक सेक्शन का एकीकृत दृश्यांकन तथा परिचालन संबंधी सूचनाओं का केंद्रीकृत प्रदर्शन शामिल है।
इस प्रणाली के माध्यम से बिलासपुर मंडल के 47 और रायपुर मंडल के 12 स्टेशनों, यानी कुल 59 स्टेशनों के रेल परिचालन की निगरानी एवं दृश्यता को बेहतर बनाया गया है। डिजिटल तकनीक और वास्तविक समय के आंकड़ों के एकीकरण से अधिकारियों को परिचालन संबंधी परिस्थितियों को तेजी से समझने और आवश्यक कदम उठाने में सुविधा होगी।
नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि कंट्रोल कार्यालय के अधिकारी किसी भी परिचालन संबंधी स्थिति का तुरंत आकलन कर समय पर निर्णय ले सकेंगे। इससे ट्रेनों के संचालन में बेहतर समन्वय स्थापित होगा और रेल परिचालन की सुरक्षा, समयबद्धता एवं दक्षता को और मजबूती मिलेगी।
लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम का शुभारंभ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तकनीक आधारित स्मार्ट रेल परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अत्याधुनिक डिजिटल निगरानी व्यवस्था न केवल वर्तमान परिचालन को अधिक सक्षम बनाएगी, बल्कि भविष्य की बढ़ती रेल यातायात आवश्यकताओं से निपटने के लिए भी रेलवे की तैयारियों को मजबूत करेगी।
रियल टाइम निगरानी, त्वरित निर्णय और बेहतर समन्वय—इन तीन आधारों पर विकसित यह सिस्टम बिलासपुर और रायपुर मंडल में रेल परिचालन को नई तकनीकी धार देने वाला साबित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

