home page

सेवा संकल्प अभियान से बदली लेखराम साहू की जिंदगी, व्हीलचेयर से वॉकर के सहारे लौटे घर

 | 
सेवा संकल्प अभियान से बदली लेखराम साहू की जिंदगी, व्हीलचेयर से वॉकर के सहारे लौटे घर


धमतरी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद जगाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक पहल बन रहा है।

इसी अभियान के तहत आयोजित ‘निदान-03’ विशेष शिविर ने धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम भेंडरी निवासी लेखराम साहू के जीवन में भी नई आशा जगाई है। बाइक से गिरने के बाद दोनों पैरों में सुन्नपन की समस्या से जूझ रहे लेखराम के लिए सामान्य रूप से चलना-फिरना मुश्किल हो गया था। उन्हें आवागमन के लिए व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ता था और रोजमर्रा के कामों में भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में धमतरी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय ‘निदान-03’ शिविर उनके लिए राहत लेकर आया।

शिविर के अंतिम दिन लेखराम व्हीलचेयर पर पहुंचे, जहां उनकी जरूरत को देखते हुए उन्हें वॉकर उपलब्ध कराया गया। वॉकर मिलने के बाद उनके चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास की झलक दिखाई दी। व्हीलचेयर पर शिविर पहुंचे लेखराम अब वॉकर के सहारे चलने की उम्मीद लेकर घर लौटे। उनके लिए यह पल भावुक होने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई शुरुआत जैसा रहा।

लेखराम को मिला वॉकर केवल एक सहायक उपकरण नहीं, बल्कि दैनिक गतिविधियों को अधिक सहज बनाने और दूसरों पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण सहारा है। अब उन्हें उम्मीद है कि वॉकर की मदद से वे अपनी जरूरतों के काम करने और आवागमन में पहले से अधिक सहजता महसूस कर सकेंगे। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग एवं भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘निदान-03’ शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर जीवन को सुगम बनाना है।

शिविर में कृत्रिम अंग, कैलिपर्स, व्हीलचेयर, वॉकर सहित अन्य सहायक उपकरणों के साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) और बस पास जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह शिविर इस बात का उदाहरण है कि समय पर उचित सहायता और जरूरत के अनुरूप संसाधन मिलने से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की राह खुल सकती है। लेखराम साहू की कहानी भी इसी उम्मीद को मजबूत करती है कि संवेदनशील पहल और सहयोग से कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है।

धमतरी, 11 अक्टूबर (हि.स.)।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा