सूरजपुर में पंप चोरी के संदेह पर दो युवकों की सरेराह पिटाई, जूतों की माला पहनाकर घुमाया
सूरजपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। खेत से पंप चोरी होने के मामले में ग्रामीणों ने कानून अपने हाथ में लेते हुए दो युवकों को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया। इस दौरान उनके साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के आमगांव गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, गांव के एक किसान के खेत से पंप चोरी हो गया था। ग्रामीणों को संदेह था कि चोरी किया गया पंप एक हजार रुपये में बेच दिया गया है। इसी सिलसिले में ग्रामीणों ने कोट गांव के रहने वाले दो युवकों को पकड़ लिया।
पंप चोरी के आरोप में पकड़े गए दोनों युवकों को ग्रामीणों ने जूतों की माला पहनाई और पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में युवकों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट होते हुए भी दिखाई देने की बात कही जा रही है। घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस तक मामला पहुंचा।
सूरजपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने शुक्रवार काे बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, थाने में किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद घटना में शामिल लोगों के संबंध में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

