सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित कराेड़ाे के स्टॉप डैम में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई : तुलिका कर्मा
दंतेवाड़ा, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले के कटेकल्याण विकासखंड की ग्राम पंचायत भूसारास के आश्रित ग्राम बूरुगंपारा में सिंचाई विभाग द्वारा लगभग दाे करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्टॉप डैम काे लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव तुलिका कर्मा ने बुधवार काे निर्माण स्थल का निरीक्षण किया।
उन्हाेंने कार्य की गुणवत्ता पर उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत से किसानों के हित में स्वीकृत परियोजना में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने तुलिका कर्मा को बताया कि निर्माण कार्य के समय से ही वे लगातार ठेकेदार, मुंशी और विभागीय अधिकारियों को घटिया सामग्री के उपयोग तथा तकनीकी खामियों की जानकारी देते रहे, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों का भी आरोप है कि उनकी आपत्तियों की अनदेखी कर निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि स्टॉप डैम निर्माण के दौरान जिन किसानों की कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, उन्हें उचित मुआवजा दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
तुलिका कर्मा ने निरीक्षण के बाद कहा कि मौके पर देखने से स्पष्ट प्रतीत होता है कि स्टॉप डैम के किनारों पर आवश्यक रिटर्निंग वॉल का निर्माण नहीं किया गया। वहीं निर्माण के दौरान प्रयुक्त लोहे की छड़ें (रॉड) भी कई स्थानों पर खुले और नुकीले रूप में बाहर दिखाई दे रही हैं, जिन्हें हटाया नहीं गया। उनका कहना है कि इससे ग्रामीणों, बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डैम की निर्धारित ऊंचाई में भी कमी की गई है, जिससे भविष्य में परियोजना की उपयोगिता प्रभावित हो सकती है। यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार और सिंचाई विभाग के अधिकारियों की होगी। तुलिका ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए स्वीकृत यह परियोजना कथित रूप से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को प्रदेश स्तर तक उठाया जाएगा और उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

