home page

अकलतरा में शुष्क दिवस पर अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद, 104 लीटर शराब के साथ आरोपित गिरफ्तार

 | 
अकलतरा में शुष्क दिवस पर अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद, 104 लीटर शराब के साथ आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। शुष्क दिवस पर अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अकलतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक-13 निवासी प्रकाश भारद्वाज (42) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के घर से 104 लीटर अवैध शराब, बिक्री की नकदी और एक फ्रिज सहित कुल 95,175 रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपित ने घर के भीतर चार लोहे के दरवाजों के पीछे बने कमरे में शराब छिपाकर रखी थी। वह किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब की बिक्री कर रहा था। इसकी सूचना मुखबिर से मिलने पर कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में शुष्क दिवस के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना अकलतरा पुलिस ने आरोपित के घर पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान 180 एमएल की देशी प्लेन यूनिक ब्रांड की 235 बोतल, देशी प्लेन सुपर-36 की 46 बोतल, गोवा स्पेशल व्हिस्की की 206 बोतल, रॉयल चैलेंज व्हिस्की की 31 बोतल तथा सिम्बा एक्स्ट्रा बीयर की 16 बोतल सहित कुल 334 नग शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 104 लीटर तथा कीमत 56,560 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 28,615 रुपये नकद तथा 10 हजार रुपये मूल्य का वोल्टास कंपनी का फ्रिज भी जब्त किया। इस प्रकार कुल जब्ती का मूल्य 95,175 रुपये है।

मामले में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 593/2026 दर्ज कर आरोपित के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) एवं 39(ग) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपित को शुक्रवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा है कि शुष्क दिवस का उल्लंघन कर अवैध शराब का कारोबार करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT