home page

दीपावली की पूर्व संध्या पर जिले में जलेगा ‘एक दीप साक्षरता का’

 | 
दीपावली की पूर्व संध्या पर जिले में जलेगा ‘एक दीप साक्षरता का’


शाम 6:30 से 7:30 बजे तक होंगे जागरूकता कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों और समुदाय की रहेगी सहभागिता

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 04 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत दीपावली से एक दिन पहले जिले में ‘एक दीप साक्षरता का’ जनजागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। शाम 6:30 से 7:30 बजे तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से साक्षरता के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान की तैयारियां पूरी करने और जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य असाक्षर व्यक्तियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और समाज में साक्षरता के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाना है। दीपावली के दीपों के साथ साक्षरता का दीप जलाकर नागरिकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भी अभियान में सहभागिता कर नागरिकों को प्रेरित करने की अपील की है।

निर्देशानुसार संकुल समन्वयक, विकासखंड एवं जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक, बीईओ, बीआरसी, एबीईओ, सीएसी और प्राचार्य अपने क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, विकासखंड कार्यालयों तथा उत्सव स्थलों पर अभियान से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करेंगे। शिक्षक और स्वयंसेवक पंजीकृत स्वयंसेवी शिक्षकों तथा नवसाक्षरों को कार्यक्रम से जोड़कर शिक्षा के महत्व के प्रति प्रेरित करेंगे। अभियान के दौरान दीप प्रज्वलन से संबंधित तस्वीरें और वीडियो #ULLASDiwali तथा #SaksharChhattisgarh हैशटैग के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार माध्यमों पर साझा किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को अभियान की गतिविधियां पूरी निष्ठा से संपन्न कराने तथा संकलित जानकारी और छायाचित्र निर्धारित कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT