बच्चों के बीच मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मनाया जन्मदिन, आंगनबाड़ी में किया न्योता भोज
बलरामपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने मंगलवार को अपना जन्मदिन सूरजपुर जिले के ग्राम लटोरी के नवापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित न्योता भोज में उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। बच्चों ने गीत और कविताएं सुनाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी भी मौजूद रहे।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने पर बच्चों ने एक साथ ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गाकर उनका स्वागत किया। बच्चों के इस आत्मीय स्वागत से पूरा माहौल खुशियों से भर गया। मंत्री ने भी बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की और उनके नाम पूछते हुए उन्हें अपना परिचय देने के लिए प्रोत्साहित किया। बच्चों ने उत्साह के साथ अपनी बातें साझा कीं।
इस दौरान बच्चों ने ‘मछली जल की रानी है’, ‘आलू कचालू’ और ‘तितली रानी’ जैसी बाल कविताएं सुनाईं। उनकी प्रस्तुतियों पर मंत्री ने तालियां बजाकर हौसला बढ़ाया। उन्होंने बच्चों से आंगनबाड़ी में रोज आने और वहां होने वाली गतिविधियों के बारे में भी पूछा। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए।
बातचीत के दौरान मंत्री ने बच्चों को स्वच्छता की अच्छी आदतों के बारे में भी समझाया। उन्होंने पूछा कि चॉकलेट खाने के बाद उसका रैपर कहां डालना चाहिए। इस पर बच्चों ने एक स्वर में डस्टबिन में डालने की बात कही। मंत्री ने बच्चों की समझदारी की सराहना करते हुए आसपास साफ-सफाई रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की सीख दी।
न्योता भोज के दौरान बच्चों के लिए चावल, दाल, खीर, पूड़ी, छोला और मुनगा भाजी सहित विभिन्न व्यंजन तैयार किए गए थे। भोजन शुरू करने से पहले बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ किया। इसके बाद मंत्री राजवाड़े ने स्वयं बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ पंगत में बैठकर भोजन ग्रहण किया। बच्चों के बीच बैठकर भोजन साझा करने का यह दृश्य आयोजन का खास आकर्षण रहा।
भोजन के बाद मंत्री ने बच्चों को टॉफियां और उपहार भी भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जन्मदिन के अवसर पर बच्चों के साथ समय बिताकर मंत्री ने अपनी खुशियों को उनके साथ साझा किया।
उल्लेखनीय है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज का उद्देश्य समुदाय की सहभागिता बढ़ाने के साथ बच्चों के पोषण, देखभाल और समग्र विकास से लोगों को जोड़ना है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर इस पहल के प्रति सहभागिता और आत्मीयता का संदेश दिया। बच्चों के गीत, कविताएं और उनकी मुस्कान इस आयोजन की यादगार झलक बन गईं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

