दर्री में मोबाइल दुकान से डेढ़ लाख की चोरी, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
कोरबा, 06 मार्च (हि. स.)। कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र में होली के मौके पर एक मोबाइल दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात दुकान का शटर उठाकर करीब डेढ़ लाख रुपये के मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान पार कर दिया। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दर्री स्थित आस्था मोबाइल पैलेस में यह चोरी देर रात करीब 1:30 बजे हुई। उस समय शहर में होली का उत्सव चल रहा था और अधिकांश लोग त्योहार के जश्न में व्यस्त थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाते हुए शटर को किनारे से उठाया और अंदर घुसकर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
दुकान के संचालक आकाश जायसवाल ने बताया कि, उन्हें रात करीब 1:30 बजे चोरी की सूचना मिली। सूचना मिलने पर जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि शटर किनारे से उठा हुआ था और अंदर रखा अधिकांश सामान गायब था। चोर दुकान से मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान लेकर भाग चुके थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग एक से डेढ़ लाख रुपये आंकी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके।
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि, जिस स्थान पर चोरी की यह घटना हुई है, वह दर्री थाने से काफी कम दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद चोरों द्वारा इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, इस इलाके में पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

