home page

इतवारी बाजार सिंदूर पार्क में श्रमिकों के लिए विशेष पंजीयन और योजना लाभ शिविर 23 अगस्त को

 | 
इतवारी बाजार सिंदूर पार्क में श्रमिकों के लिए विशेष पंजीयन और योजना लाभ शिविर 23 अगस्त को


रायगढ़, 20 अगस्त (हि.स.)।असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को शासन की सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से श्रम विभाग रायगढ़ एवं नगर निगम रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 23 अगस्त को विशेष पंजीयन एवं योजना लाभ शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से इतवारी बाजार स्थित सिंदूर पार्क, रायगढ़ में होगा। शिविर में असंगठित श्रमिकों का मौके पर पंजीयन करने के साथ ही पहले से पंजीकृत पात्र श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर में ऐसे श्रमिकों को विशेष रूप से लाभान्वित किया जाएगा, जो असंगठित क्षेत्र में कार्य कर अपनी आजीविका चला रहे हैं। इनमें सब्जी विक्रेता, फुटकर व्यापारी, छोटे व्यवसायी तथा स्वयं का व्यवसाय या श्रम करने वाले असंगठित श्रमिक शामिल हैं। श्रम विभाग की टीम द्वारा पात्र श्रमिकों का पंजीयन किया जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें विभागीय योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पूर्व से पंजीकृत श्रमिकों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन करने की सुविधा भी शिविर स्थल पर ही मिलेगी। इससे श्रमिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुविधाजनक होगी।

शिविर में छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र श्रमिक आवेदन कर सकेंगे। इनमें प्रमुख रूप से मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, प्रसूति सहायता योजना, छात्रवृत्ति सहायता योजना, गंभीर बीमारी चिकित्सा सहायता योजना तथा ई-रिक्शा सहायता योजना शामिल हैं। इन योजनाओं का लाभ संबंधित योजना में निर्धारित पात्रता, नियम एवं शर्तों के अनुसार प्रदान किया जाएगा। श्रमिकों को शिविर के माध्यम से योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे अपनी पात्रता के अनुसार उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

शिविर में ई-श्रम साथी पोर्टल के माध्यम से श्रमिकों के पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। ई-श्रम साथी पंजीयन के माध्यम से असंगठित श्रमिकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने में सहायता मिलेगी। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से रोजगार के अवसरों एवं श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी।

शिविर में पंजीयन अथवा योजना संबंधी आवेदन के लिए श्रमिकों को आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आने की अपील की गई है। श्रमिक अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक तथा पटवारी, सचिव, सरपंच, पार्षद द्वारा सत्यापित आय प्रमाण पत्र अवश्य लेकर आएं। इसके अलावा पंजीयन प्रक्रिया के लिए अपना मोबाइल फोन भी साथ लाना आवश्यक होगा।

श्रम विभाग एवं नगर निगम द्वारा आयोजित इस शिविर में पंजीयन एवं योजना संबंधी पूरी प्रक्रिया निःशुल्क रहेगी। पात्र श्रमिकों का पंजीयन मौके पर ही किया जाएगा तथा योजनाओं के लिए पात्रता के अनुसार आवेदन की प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी। श्रम विभाग एवं नगर निगम रायगढ़ ने जिले के असंगठित श्रमिकों से अपील की है कि वे रविवार को प्रातः 10 बजे इतवारी बाजार स्थित सिंदूर पार्क पहुंचकर इस विशेष शिविर का लाभ उठाएं। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाकर उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान