home page

जगदलपुर में संपन्न हुई प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा, अनुपस्थित रहे 1,994 अभ्यर्थी

 | 
जगदलपुर में संपन्न हुई प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा, अनुपस्थित रहे 1,994 अभ्यर्थी


जगदलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा आज रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। परीक्षा के संचालन हेतु जगदलपुर शहर में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां कुल 4,223 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 2,229 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,994 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मेटल डिटेक्टर से सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा निर्धारित कड़े ड्रेस कोड का सख्ती से पालन कराया गया, जिसके तहत परीक्षार्थी हल्के रंग के कपड़े, हाफ टी-शर्ट और चप्पल पहनकर पहुंचे। जूता, मोजा, घड़ी, पर्स, बेल्ट, मोबाइल, स्कार्फ, टोपी तथा आभूषण जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं को केंद्र के बाहर ही रोक दिया गया। परीक्षा के सफल संचालन और परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा, समन्वयक डॉ. अनिल श्रीवास्तव एवं सह-समन्वयक डॉ. अजय सिंह ठाकुर सहित सभी पर्यवेक्षक लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे