प्रधानमंत्री आवास योजना से कौशल यादव को मिला पक्का घर, परिवार को मिली सुरक्षा और सम्मान की छत
जांजगीर-चांपा , 18 मार्च (हि.स.)। जिले के जनपद पंचायत अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत परसदा (रे.) के निवासी कौशल यादव का जीवन पहले काफी कठिन परिस्थितियों में गुजर रहा था। ऐसे समय में शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उनके जीवन में नई उम्मीद लेकर आई।
वे अपने परिवार के साथ खपरे और टीन की छत से बने कच्चे मकान में रहते थे। बारिश के मौसम में घर की छत से पानी टपकता था, जिससे घर के भीतर रहना भी मुश्किल हो जाता था। कई बार परिवार को रात भर जागकर बारिश से बचाव करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए केवल एक सपना बनकर रह गया था। वर्ष 2024-25 में इस योजना के अंतर्गत कौशल यादव के नाम आवास स्वीकृत हुआ और उन्हें 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में मिलने से उन्होंने चरणबद्ध तरीके से अपने पक्के मकान का निर्माण कार्य शुरू कराया। परिवार के सहयोग और योजना की सहायता से उनका मकान समय पर पूर्ण हो गया।
अब श्री कौशल यादव अपने परिवार के साथ नए पक्के मकान में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। पहले जहां बरसात और आंधी-तूफान में घर की चिंता सताती थी, वहीं अब पक्के मकान में रहने से उन्हें सुरक्षा और आत्मविश्वास दोनों मिला है। बच्चों के लिए पढ़ाई का बेहतर वातावरण भी तैयार हुआ है और पूरे परिवार के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उन्हें मिला है।
उज्ज्वला योजना के तहत उन्हें एलपीजी कनेक्शन प्राप्त हुआ, जिससे अब खाना बनाने में धुएं की समस्या से मुक्ति मिली है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत उनके घर में शौचालय का निर्माण किया गया है, जिससे परिवार को स्वच्छ और सुरक्षित जीवन की सुविधा मिली है। कौशल यादव कहते हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उनका कहना है कि “पहले पक्का मकान बनाना हमारे लिए असंभव जैसा था, लेकिन सरकार की इस योजना से आज हमारा सपना पूरा हो गया। अब मेरा परिवार सुरक्षित घर में रह रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

