home page

सोलर पैनल ने खत्म किया बिजली बिल, हर महीने बच रहे हजारों रुपये

 | 
सोलर पैनल ने खत्म किया बिजली बिल, हर महीने बच रहे हजारों रुपये


धमतरी, 05 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कुरूद संभाग में पांच सितंबर को विश्राम गृह कुरूद के सभागार में शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में उपभोक्ताओं को योजना के प्रावधानों, केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली अनुदान राशि तथा सोलर पैनल स्थापना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बैंक ऑफ बड़ौदा और छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधियों ने योजना के तहत ऋण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि, बिना प्रक्रिया शुल्क के पांच से छह प्रतिशत ब्याज दर पर जल्द ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

शिविर में मौजूद विभिन्न वेंडरों ने सोलर पैनल स्थापना एवं संबंधित सेवाओं की जानकारी दी तथा मौके पर ही 15 नए पंजीयन किए गए। सोलर पैनल लगवा चुके उपभोक्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए योजना को लाभकारी बताया। कुरुद निवासी आशीष चन्द्राकर ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनका बिजली बिल प्रतिमाह 1200 से 1500 रुपये तक आता था, लेकिन सोलर पैनल स्थापित होने के बाद बिजली बिल शून्य हो गया है। शिविर में उपभोक्ताओं को बिजली बिल में इम्पोर्ट, एक्सपोर्ट, जनरेशन और रिबेट यानी बिजली बिल में मिलने वाली छूट की जानकारी सरल शब्दों में समझाई गई।

ग्राम पंचायत जुनवानी के सरपंच ने गांव के प्रत्येक घर को सोलर योजना से लाभान्वित कराने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने की बात कही। शिविर में पहुंचे उपभोक्ताओं ने योजना की जानकारी लेकर अपने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को भी इसका लाभ दिलाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। आगामी दिनों में सात सितंबर को वितरण केंद्र भखारा और भेण्ड्री, आठ सितंबर को मगरलोड, कुण्डेल एवं कोर्रा तथा नौ सितंबर को कुरूद, गाड़ाडीह, मोहंदी एवं मड़ेली में पीएम सूर्यघर योजना संबंधी शिविर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में कुरुद संभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कुमार, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, बैंक प्रतिनिधि, वेंडर्स एवं विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा