home page

कुरुद-भोथली के स्कूल बदहाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया निरीक्षण

 | 
कुरुद-भोथली के स्कूल बदहाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया निरीक्षण


कुरुद-भोथली के स्कूल बदहाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया निरीक्षण


धमतरी, 24 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुरुद नगर और ग्राम भोथली के शासकीय स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति, दीवारों में दरार, छत से पानी टपकने के साथ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी पर कांग्रेस ने चिंता जताई। कांग्रेस ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि पर सवाल उठाते हुए स्कूलों की व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्कूल भवनों और परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जर्जर भवनों में बच्चों को पढ़ने के लिए बैठना उनकी सुरक्षा के लिहाज से गंभीर विषय है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने की समस्या से विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की कमी भी चिंता का विषय है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल

कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे प्रदेश और देश का भविष्य हैं। उन्हें सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना शासन की जिम्मेदारी है। कुरुद और भोथली के स्कूलों की स्थिति देखने के बाद भवनों की मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बात तो करती है, लेकिन स्कूलों के भवनों और बुनियादी सुविधाओं की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधि से भी क्षेत्र के स्कूलों की समस्याओं को प्राथमिकता से शासन के समक्ष उठाने की मांग की।

सड़क से सदन तक लड़ाई की चेतावनी

तारिणी चंद्राकर ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि जर्जर स्कूल भवनों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन तत्काल तकनीकी जांच कराए और जरूरत के अनुसार मरम्मत या पुनर्निर्माण की कार्रवाई करे। साथ ही स्कूलों में पेयजल और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक आवाज उठाएगी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष जानसिंह यादव, जिला महामंत्री रमेशर साहू, कामराय साहू, ब्लाक अध्यक्ष महिम शुक्ला, पंकज जोशी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा