चार सूत्री मांगों को लेकर कोटवारों का धरना-प्रदर्शन
धमतरी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कोटवार एसोसिएशन आफ छत्तीसगढ़ की जिला धमतरी इकाई ने शुक्रवार को गांधी मैदान में चार सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया। इसमें कोटवारों ने नियमितीकरण, न्यूनतम 15 हजार रुपये मासिक पारिश्रमिक, नियुक्ति में कोटवार परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता और नगरीय निकाय क्षेत्रों में नियुक्ति पर लगी रोक हटाने की मांग की।
संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश दास मानिकपुरी एवं संरक्षक राजेंद्र देवदास ने बताया कि प्रदेश के कोटवार लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित कराते आ रहे हैं, लेकिन अब तक समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ है। कोटवार आजादी के पूर्व से ग्रामीण स्तर पर शासन और आम जनता की सेवा करते आ रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित शासकीय कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। इस कारण वे बीमा, पेंशन और ग्रेच्युटी जैसी सुविधाओं से वंचित हैं। सीमित पारिश्रमिक में परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोटवारों को नियमित कर राजस्व विभाग में संविलियन किया जाना चाहिए, ताकि लंबे समय तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा मिल सके। महंगाई के अनुपात में पारिश्रमिक बढ़ाकर कम से कम 15 हजार रुपये मासिक किया जाए।
वर्तमान में कोटवारों को चार वर्गों में बांटकर अलग-अलग पारिश्रमिक दिया जाता है। संघ ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए सभी कोटवारों के लिए समान पारिश्रमिक निर्धारित करने की मांग की। नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर संघ पदाधिकारियों ने कहा कि रिक्त पदों पर कोटवार परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनका आरोप है कि वर्तमान प्रक्रिया जटिल होने से परिवार के सदस्यों को नियुक्ति के लिए न्यायालयीन मामलों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में मनमानी पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा नगर पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम क्षेत्रों में कोटवारों की नियुक्ति पर लगी रोक हटाने की मांग उठाई गई।
पदाधिकारियों के अनुसार नगरीय निकायों में शामिल गांवों में कोटवार का पद रिक्त होने पर नई नियुक्ति नहीं की जाती। इससे संबंधित परिवारों की आजीविका प्रभावित होती है। उन्होंने नियुक्ति बहाल करने या प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक रोजगार देने तथा उनकी धारित सेवा भूमि से बेदखल नहीं करने की मांग की। धरना प्रदर्शन में सचिव एमनदास मानिकपुरी, उपाध्यक्ष मोहित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष घनश्याम रायपुरिया, सहसचिव तीरथ कुमार, संरक्षक राजेंद्र कुमार, सलाहकार सुभाष नागरची, श्यामलाल गंधर्व, सदस्य कोमल सिंह, भगवान सिंग, जुगल किशोर, पवन नागरची, रोशन दास, सुरेश नागरची, दीनदयाल सहित जिलेभर के कोटवार शामिल हुए
।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

