सरगुजा पुलिस का कोटवार सम्मेलन, गांवों में अपराध पर नजर रखने और सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर
अंबिकापुर, 13 मार्च (हि.स.)। सरगुजा पुलिस द्वारा गांव स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सूचना तंत्र को सक्रिय बनाने के उद्देश्य से थाना व चौकी स्तर पर कोटवार सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना दरिमा, चौकी रघुनाथपुर, चौकी केदमा तथा थाना उदयपुर में पुलिस टीम द्वारा कोटवार सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम सुरक्षा और अवैध गतिविधियों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
सम्मेलन के दौरान ग्राम कोटवारों को समझाइश दी गई कि वे अपने-अपने गांवों में होने वाली आपराधिक गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही और अन्य अवैध कार्यों की जानकारी तत्काल थाना या चौकी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोटवारों के सहयोग से गांव स्तर पर अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में बड़ी मदद मिलती है।
बैठक के दौरान थाना और चौकी प्रभारियों ने कोटवारों से गांवों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान गांवों में सक्रिय गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों की गतिविधियों और उनके गांव में आने-जाने की जानकारी भी एकत्र की गई। साथ ही कोटवारों को निर्देश दिया गया कि गांव में किसी भी बड़े विवाद, झगड़े, दुर्घटना या जमीन संबंधी विवाद की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सम्मेलन में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने कोटवारों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें गांव के लोगों को इनसे सतर्क करने और साइबर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर.एन. पटेल सहित थाना-चौकी क्षेत्र के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

