home page

कोरिया : जनता की समस्याओं पर कलेक्टर सख्त, 25 आवेदनों पर तय समय-सीमा में त्वरित समाधान के दिए कड़े निर्देश

 | 
कोरिया : जनता की समस्याओं पर कलेक्टर सख्त, 25 आवेदनों पर तय समय-सीमा में त्वरित समाधान के दिए कड़े निर्देश


कोरिया, 01 सितंबर (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आम जनता की समस्याओं को लेकर प्रशासनिक संवेदनशीलता और सख्ती देखने को मिली। कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने जिले के दूर-दराज ग्रामीण और शहरी अंचलों से पहुंचे नागरिकों से रूबरू होकर उनकी एक-एक समस्या सुनी। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट रूप से चेताया कि जनता की शिकायतों के निराकरण में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी; प्रत्येक प्रकरण का तय समय-सीमा के भीतर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनदर्शन के दौरान कुल 25 मामले दर्ज किए गए। इनमें मुख्य रूप से वन अधिकार पट्टा जारी करने, अवैध कब्जे हटाने, जर्जर सड़कों के निर्माण व मरम्मत, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार और रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण से जुड़े जनहित के मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की बात को धैर्यपूर्वक सुनने के बाद संबंधित विभागों को त्वरित परीक्षण और ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती यादव ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनदर्शन शासन और जनता के बीच सीधा सेतु है, इसलिए यहां आने वाले हर आवेदन को सर्वोच्च प्राथमिकता और पूरी संवेदनशीलता के साथ लिया जाए। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रकरणों की नियमित निगरानी करने और समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ योगेन्द्र श्रीवास, एडीएम सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, अपर कलेक्टर डीडी मण्डावी सहित सभी प्रमुख विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह