home page

कोरबा की बदहाल सड़कों और जलभराव को लेकर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

 | 
कोरबा की बदहाल सड़कों और जलभराव को लेकर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन


कोरबा की बदहाल सड़कों और जलभराव को लेकर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन


कोरबा,27 अगस्त (हि. स.)। नगर निगम क्षेत्र में बदहाल सड़कों, जलभराव, नालियों की समस्या, साफ-सफाई समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर लोकसभा युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्याम नारायण सोनी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर आज जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी ने भी समर्थन दिया।

पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक कोसाबाड़ी में एकत्र हुए और नगर निगम कार्यालय का घेराव करने के लिए रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने रास्ते में बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच रस्साकशी हुई, जिससे मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्याम नारायण सोनी ने कहा कि नगर निगम के महापौर, शहर विधायक एवं मंत्री जनता की मूलभूत समस्याओं के प्रति असंवेदनशील बने हुए हैं। जनता ने जिस विश्वास और भरोसे के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना था, उसे तथाकथित ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ ने खंडित कर दिया है।

उन्होंने कहा कि अच्छी सड़क, बेहतर नाली व्यवस्था, जलभराव से निजात और साफ-सफाई प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। नगर निगम नागरिकों से विभिन्न मदों में टैक्स वसूल करता है, इसलिए शहरवासियों को सुरक्षित एवं बेहतर सड़कें और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की जिम्मेदारी है।

श्याम नारायण सोनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि खराब सड़कों के कारण यदि किसी नागरिक की दुर्घटना में मृत्यु होती है, तो नगर निगम से नियमानुसार मुआवजे की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क, नाली, जलभराव और सफाई जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर अभय तिवारी, प्रदेश युवा कांग्रेस महामंत्री शहजाद आलम, बाकी मोगरा नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, एनएसयूआई शहर अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष मनमोहन राठौर, आनंद सिंह और लहन सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी