कोरबा की ‘चटकारा चौपाटी’ को मिला फूड सेफ्टी हब प्रमाणपत्र
कोरबा, 9 अक्टूबर (हि. स.)। कोरबा शहर की ‘चटकारा चौपाटी’ ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के ‘ईट राइट स्ट्रीट फूड हब’ कार्यक्रम के अंतर्गत चटकारा चौपाटी को फूड सेफ्टी हब प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि शहर में सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य व्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान है।
एफएसएसएआई के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जारी यह प्रमाणपत्र 31 मार्च 2026 से 30 मार्च 2028 तक प्रभावी रहेगा। चटकारा चौपाटी को यह प्रमाणपत्र मिलने से नगर पालिक निगम कोरबा के प्रयासों को मान्यता मिली है। इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रमाणपत्र महापौर संजूदेवी राजपूत और कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय को प्रदान किया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य अशोक चावलानी, पार्षद चन्द्रलोक सिंह, कार्यपालन अभियंता अखिलेश शुक्ला, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, सचिन तिवारी, संजय सिंह सहित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
चटकारा चौपाटी को फूड सेफ्टी हब प्रमाणपत्र मिलना कोरबा में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन, स्वच्छता और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह उपलब्धि शहर में बेहतर खाद्य व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के साथ ही सुरक्षित खानपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

