कोरबा में बड़ा हादसा टला: दादर नाला में बही स्कॉर्पियो, तीन युवक बाल-बाल बचे
कोरबा, 29 अगस्त (हि. स.)। शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच दादर नाला उफान पर आ गया है। तेज बारिश के बाद नाले में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि उसे पार करने की कोशिश करना तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था। इसी दौरान तीन युवकों से भरी एक स्कॉर्पियो तेज बहाव में बह गई। घटना का लाइव वीडियो अब सामने आया है, जिसमें वाहन पानी के तेज बहाव के बीच बहता हुआ नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में तीन युवक सवार थे और वे दादर नाला पार करने की कोशिश कर रहे थे। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने वाहन सवार युवकों को नाला पार नहीं करने की सलाह दी और उन्हें रोकने का प्रयास भी किया। इसके बावजूद युवकों ने वाहन को नाले के पानी में उतार दिया।
जैसे ही स्कॉर्पियो नाले के तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंची, पानी के दबाव के कारण वाहन अपना संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते स्कॉर्पियो पानी के साथ बहने लगी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो करीब आधे घंटे तक नाले के तेज बहाव में बहती और तैरती रही। इस दौरान तीनों युवक वाहन के ऊपर नजर आए और मदद के लिए मौके पर मौजूद लोगों की ओर देखते रहे। स्थिति बेहद खतरनाक होने के बावजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद दादर नाला के दोनों तरफ बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग काफी देर तक पानी में बह रही स्कॉर्पियो को देखते रहे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में तीनों युवकों की जान बच गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर बारिश के दौरान उफनते नाले और नदी पार करने में बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। तेज बहाव के दौरान पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में स्थानीय लोगों की चेतावनी के बावजूद वाहन लेकर नाला पार करने की कोशिश गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
कोरबा में बारिश के दौरान दादर नाला समेत अन्य जलस्रोतों में जलस्तर बढ़ने पर प्रशासन और स्थानीय स्तर पर लोगों से सतर्क रहने की अपील की जाती है। ऐसे में जरूरी है कि तेज बहाव वाले नालों और पुल-पुलियों पर पानी आने की स्थिति में लोग जोखिम लेकर उन्हें पार करने से बचें।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

