कोरबा प्रेस क्लब चुनाव: कार्यकारिणी सदस्य पद पर नवाब हुसैन, राजेश मिश्रा और आकाश शर्मा निर्वाचित
कोरबा, 14 जून (हि. स.)। कोरबा प्रेस क्लब के आगामी सत्र 2026-28 के लिए संपन्न चुनाव में कार्यकारिणी सदस्य (एक्जीक्यूटिव कमेटी मेंबर) पद के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कड़े मुकाबले के बीच नवाब हुसैन ने सर्वाधिक 99 मत प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू) और आकाश शर्मा भी विजयी होकर कार्यकारिणी में अपनी जगह बनाने में सफल रहे।
आधिकारिक परिणामों के अनुसार नवाब हुसैन को 99 वोट मिले। राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू) ने 71 मत प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, वहीं आकाश शर्मा को 49 वोट मिले और वे तीसरे निर्वाचित सदस्य बने। चुनाव में कुल आठ प्रत्याशी मैदान में थे, जिनके बीच मुकाबला काफी रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहा।
परिणाम घोषित होते ही प्रेस क्लब परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। विजयी उम्मीदवाराें के समर्थकों और पत्रकार साथियों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। चुनाव परिणामों को लेकर पूरे दिन पत्रकारों के बीच खासा उत्साह देखा गया।
विजयी उम्मीदवारों ने चुनाव में समर्थन देने वाले सभी पत्रकार सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने पत्रकार हितों की रक्षा, प्रेस क्लब के विकास और संस्था की गरिमा को बनाए रखने के लिए लगातार कार्य करने का भरोसा दिलाया।
मुख्य चुनाव अधिकारी एवं निर्वाचन टीम की निगरानी में मतदान और मतगणना की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई। प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्यों ने सफल निर्वाचन प्रक्रिया के लिए चुनाव समिति की सराहना करते हुए इसे लोकतांत्रिक परंपराओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

