कोरबा में होली और रमज़ान ईद को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, 200 से अधिक जवानों ने संभाला मोर्चा
कोरबा, 02 मार्च (हि. स.)। होली और रमज़ान ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने सोमवार को जिलेभर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव जागृत करना और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देना रहा।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतिश ठाकुर सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में जिला मुख्यालय समेत सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस बल ने सघन मार्च किया। जिला मुख्यालय में फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए कोसाबाड़ी क्षेत्र तक निकाला गया। इस दौरान लगभग 200 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
मार्च के दौरान पुलिस बल ने शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की तथा चारपहिया और दोपहिया वाहनों के माध्यम से गली-मोहल्लों में पहुंचकर ध्वनि विस्तारक यंत्र से शांति एवं भाईचारे का संदेश प्रसारित किया। नागरिकों से अपील की गई कि वे त्योहार को परंपरागत उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन कानून-व्यवस्था का पूर्ण पालन करें।
इसी तरह कटघोरा, दर्री, करतला, पाली, बांगो और दीपका क्षेत्रों में भी पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांतिपूर्वक पर्व मनाने का आग्रह किया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले, जबरन रंग लगाने वाले, नशे की हालत में वाहन चलाने वाले और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक तिवारी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने वालों के साथ पुलिस मित्रवत व्यवहार करेगी, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे होली और रमज़ान ईद को आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ मनाकर पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
कोरबा पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारों के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया गया है ताकि जिले में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

