home page

काेरबा में भीषण गर्मी में चरमराई बिजली व्यवस्था, शहर से गांव तक जनता त्रस्त

 | 
काेरबा में भीषण गर्मी में चरमराई बिजली व्यवस्था, शहर से गांव तक जनता त्रस्त


काेरबा 22 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच कोरबा जिले की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक घंटों बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या से लोग परेशान हैं। दर्री जोन अंतर्गत सर्वमंगला नगर के वार्ड क्रमांक 61-62 हो या फिर तुमान फीडर से जुड़े ग्रामीण इलाके, हर जगह उपभोक्ताओं को अव्यवस्थित विद्युत आपूर्ति का सामना करना पड़ रहा है।

विभागीय लापरवाही और अधिकारियों की उदासीनता को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।

सर्वमंगला नगर के वार्ड 61 एवं 62 में पिछले कई दिनों से लगातार घंटों बिजली गुल रहने की शिकायत सामने आ रही है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि रात-रात भर बिजली नहीं रहती, जिससे छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। इन्वर्टर जवाब दे रहे हैं, पानी की मोटरें बंद पड़ी हैं और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

दुकानदारों का कारोबार भी बिजली कटौती से प्रभावित हो रहा है।

रहवासियों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर विभागीय अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। उपभोक्ताओं को हर बार “फॉल्ट देख रहे हैं” कहकर टाल दिया जाता है, जबकि समस्या लंबे समय से बनी हुई है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब बिल जमा करने में देरी होने पर विभाग तुरंत कार्रवाई करता है, तो घंटों बिजली गुल रहने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती।

वहीं दूसरी ओर तुमान फीडर क्षेत्र में आज शुक्रवार सुबह ओवरलोडिंग के कारण कई गांवों की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। सुबह करीब 7:30 बजे बंद हुई बिजली लगभग चार घंटे बाद 11:45 बजे बहाल हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद फिर सप्लाई बंद हो गई। इससे ग्राम पंचायत सलिहाभांठा, पकरिया, बंधवाभांठा, डोंगरीभांठा, सराईडीह, बरपाली और निचली बस्ती सहित कई गांवों में हाहाकार मच गया।

ग्रामीणों के अनुसार ओवरलोडिंग की वजह से कई घरों में बिजली से चलने वाले उपकरण खराब हो गए। बोर मोटर, फ्रिज, कूलर और पंखे बंद पड़े रहने से लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है कि हर साल गर्मी में यही स्थिति बनती है, लेकिन विभाग केवल मरम्मत और मेंटेनेंस के नाम पर खानापूर्ति करता है।

इस संबंध में विद्युत विभाग के एई और जेई ने मेंटेनेंस टीम भेजकर सुधार कार्य किए जाने की जानकारी दी, लेकिन घंटों बाद भी व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी। लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे विभागीय कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे और उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी