home page

कोरबा में 4 दिसंबर को संभाग स्तरीय रोजगार मेला, 19 नियोजकों के माध्यम से 1355 पदों पर होगी भर्ती

 | 

कोरबा, 27 नवंबर (हि. स.)। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 4 दिसंबर 2026 को कोरबा में संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र कोरबा द्वारा आयोजित यह मेला लाइवलीहुड कॉलेज कोरबा में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इसमें 19 नियोजक विभिन्न पदों पर कुल 1355 रिक्तियों के लिए भर्ती करेंगे।

रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं पास से लेकर स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई और डिप्लोमा इंजीनियरिंग सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यताधारी अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। इसके अलावा बीएससी एग्रीकल्चर, नर्सिंग, एमबीए, एएनएम और जीएनएम योग्यताधारी उम्मीदवारों के लिए भी अवसर उपलब्ध रहेंगे। रिक्त पदों के लिए निर्धारित आयु सीमा 18 से 45 वर्ष है। चयनित अभ्यर्थियों को नियोजक के निर्धारित मापदंडों के अनुसार 8 हजार से 40 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।

मेले में सेफ्टी ऑफिसर, सुपरवाइजर, हेल्पर, ड्राइवर, सर्विस इंजीनियर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, सिलाई मशीन ऑपरेटर, कस्टमर सर्विस रिप्रेजेंटेटिव, वेल्डर, सीएनसी टर्निंग मशीन ऑपरेटर, फिटर, काउंसलर, टेलीकॉलर, एचआर एग्जीक्यूटिव, सिक्योरिटी गार्ड, केयरटेकर, असिस्टेंट नर्स, बेबी सिटर, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, अकाउंटेंट, वीडियो एडिटर, स्टोर मैनेजर, सोलर पीवी इंस्टॉलर, बीमा सखी, रिलेशनशिप मैनेजर सहित कई अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में महिला अभ्यर्थी भी शामिल हो सकती हैं।

ऑनलाइन पंजीयन और आवेदन अनिवार्य

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीयन होना अनिवार्य है। इसके साथ ही इच्छुक उम्मीदवारों को अपनी योग्यता के अनुसार रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.erojgar.cg.gov.in या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से पंजीयन और आवेदन कर सकते हैं।

जिन अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीयन नहीं हुआ है, वे वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा।

संभाग स्तरीय रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट और छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कोरबा के दूरभाष नंबर 07759-222069 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी