home page

कोरबा जिले में खुलेंगे 8 नए धान खरीद केंद्र, किसानों को मिलेगी नजदीक में धान बेचने की सुविधा

 | 
कोरबा जिले में खुलेंगे 8 नए धान खरीद केंद्र, किसानों को मिलेगी नजदीक में धान बेचने की सुविधा


कोरबा, 5 नवंबर (हि. स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान बेचने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। कोरबा जिले में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 8 नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति दी गई है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा भेजी गई सूची के आधार पर इन केंद्रों के नाम और उनसे जुड़े गांवों का निर्धारण किया गया है।

नए धान खरीद केंद्र नवापारा (सि.), परला, परसदा, डोडकी, ढोलपुर, पुरेना, चोड़ा और मुड़ाली में खोले जाएंगे।

नवापारा (सि.) केंद्र से नवापारा, पाल ढुरेना, कोठीखर्रा, सरपता, सिमगा, गड़रा, जामकछार और घोंसरा गांव के किसान धान बेच सकेंगे। वहीं, परला केंद्र में कापनपारा, धुवापुर, चोटिया, परला, बनिया, भुजंगकछार, मड़ई, लमना, लाद, लालपुर और हड़मोरा गांव शामिल किए गए हैं। परसदा केंद्र से परसदा, बापापुती और शिवपुर के किसानों को सुविधा मिलेगी।

इसी तरह डोडकी केंद्र से टाड़पखना, डोडकी, नवापारा, नानबांका, बहनाईपुर, बड़ेबांका, मदनपुर, सगुना, भोंडकछार, भेलवाटिकरा और पटपरा गांव के किसान जुड़ेंगे। ढोलपुर केंद्र में जोरहाडबरी, खमरिया, ढोलपुर और पथरी गांव शामिल हैं। पुरेना केंद्र से पुरेना, खरहरी और जर्वे; चोड़ा केंद्र से चोड़ा, अंडीकछार और रामपुर तथा मुड़ाली केंद्र से मुड़ाली और कटसीरा गांव के किसान लाभान्वित होंगे।

नए धान खरीद केंद्र शुरू होने से संबंधित गांवों के किसानों को धान बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों का समय बचेगा और आवागमन एवं परिवहन पर होने वाला खर्च भी कम होगा। साथ ही नजदीकी खरीदी केंद्र उपलब्ध होने से धान विक्रय की प्रक्रिया आसान होगी और मौजूदा केंद्रों पर किसानों की भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी