home page

जंगल की लकड़ी काटने से रोकने पर मारपीट, तलवार लहराकर धमकी देने वाला गिरफ्तार

 | 
जंगल की लकड़ी काटने से रोकने पर मारपीट, तलवार लहराकर धमकी देने वाला गिरफ्तार


बलरामपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में जंगल की लकड़ी काटने से रोकने पर विवाद हो गया। गांव के जंगल से लकड़ी काटकर खेत में रखने का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद घर से लोहे की तलवार लेकर पंचायत भवन के पास पहुंचकर धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपित को आज रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम देवरी निवासी सुरजीत लकड़ा ने 13 सितंबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि सुबह करीब 9 बजे वह गांव के उपसरपंच सहित अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल की लकड़ी काटने से लोगों को मना कर रहे थे। इसी दौरान राजेंद्र लकड़ा द्वारा जंगल से काटी गई लकड़ी अपने खेत में रखी मिली।

लकड़ी काटने से मना करने पर राजेंद्र लकड़ा ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसके बाद वह अपने घर के अंदर गया और कुछ देर बाद लोहे की तलवार लेकर पंचायत भवन के पास पहुंच गया। यहां तलवार लहराते हुए दोबारा धमकी देने का आरोप है।

शिकायत के आधार पर कोरंधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपित राजेंद्र लकड़ा पिता सीताराम, उम्र 45 वर्ष, निवासी देवरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गजपति मिर्रे, सहायक उपनिरीक्षक दशरथ कुजूर, प्रधान आरक्षक शैलेश सिंह, आरक्षक विनोद मरावी, टापू टोप्पो सहित थाना स्टाफ की भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय