home page

कोंडागांव : यात्री बस और ट्रैक्टर में टक्कर , चार ग्रामीण घायल

 | 
कोंडागांव : यात्री बस और ट्रैक्टर में टक्कर , चार ग्रामीण घायल


कोंडागांव, 30 जून (हि.स.)। जिले के सिटी काेतवाली थाना क्षेत्र अंर्तगत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सुकुरपाल के पास आज मंगलवार की सुबह 8:15 बजे एक यात्री बस और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर सवार चार ग्रामीण घायल हाे गये हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों में सहयोग किया। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में वाहनों को हटाकर सामान्य किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही यात्रियों से भरी गुप्ता ट्रेवल्स की बस ने कार को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रहे टैक्टर काे जोरदार टक्कर मार दी। तेज रफ्तार बस के लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। गनीमत रही कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन ट्रैक्टर सवार घायल चार ग्रामीणाें में दाे ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हाे गये हैं। । ट्रैक्टर के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से हादसे की गंभीरता का पता चलता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे