home page

किरण देव ने महारानी अस्पताल में सियान संजीवनी केंद्र का किया शुभारंभ

 | 
किरण देव ने महारानी अस्पताल में सियान संजीवनी केंद्र का किया शुभारंभ


जगदलपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर अंचल में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करते हुए आम नागरिकों, वृद्धजनों और बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ा है। इसके अंतर्गत महारानी जिला चिकित्सालय में वरिष्ठ नागरिकों के समुचित उपचार हेतु 10 बिस्तरों वाले 'सियान संजीवनी पुनर्वास केंद्र' का संचालन प्रारंभ किया गया। जगदलपुर विधायक किरण देव तथा महापौर संजय पांडे के मुख्य आतिथ्य में आज रविवार काे आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत की।

महारानी अस्पताल में 'स्वस्थ बुजुर्ग, समृद्ध समाज' की अवधारणा को साकार करते हुए 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए विशेष पुनर्वास वार्ड शुरू किया गया है। इस केंद्र के माध्यम से बुजुर्गों के लिए ब्लड प्रेशर, शुगर, नेत्र रोग, हड्डी व जोड़ों की जाँच, पोषण आहार परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य काउंसिलिंग और वैक्सीनेशन की सुविधा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

इसी मंच से बाल मधुमेह योजना के अंतर्गत टाइप-1 डायबिटीज से ग्रसित बच्चों को विधायक किरण देव द्वारा निःशुल्क डायबिटीज जाँच किट भी वितरित की गई, ताकि बच्चे घर पर ही नियमित रूप से शुगर की निगरानी कर सकें। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद, नोडल अधिकारी डॉ. भंवर शर्मा, डॉ. अग्रवाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पी. एम. कोठारी, डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. कोटवानी, हॉस्पिटल कंसलटेंट डॉ. नीरज ओझा एवं डॉ. आर. बी. पी. गुप्ता सहित विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे