home page

कांकेर पुलिस का मिशन रक्षक, पुलिस व सुरक्षाबलों में भर्ती के लिए मिलेगा निशुल्क प्रशिक्षण

 | 
कांकेर पुलिस का मिशन रक्षक, पुलिस व सुरक्षाबलों में भर्ती के लिए मिलेगा निशुल्क प्रशिक्षण


कांकेर, 09 अगस्त (हि.स.)। जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से पुलिस एवं विभिन्न सुरक्षाबलों में भर्ती की तैयारी कर रहे जिले के युवाओं के लिए कांकेर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू करते हुए मिशन रक्षक के तहत युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को भर्ती परीक्षाओं के लिए उचित दिशा, अनुशासित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

मिशन रक्षक के अंतर्गत युवाओं को छत्तीसगढ़ पुलिस, बस्तर फाइटर्स, सीएएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ और अग्निवीर सहित विभिन्न पुलिस एवं सुरक्षा बलों की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण एवं ग्राउंड ट्रेनिंग के लिए है। प्रशिक्षणार्थियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

प्रशिक्षण में योग्य एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा भर्ती प्रक्रिया के अनुरूप शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा की व्यवस्थित तैयारी कराई जाएगी। शारीरिक प्रशिक्षण में 100 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद सहित शारीरिक दक्षता परीक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक अभ्यास कराए जाएंगे। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और लिखित परीक्षा की तैयारी के साथ परीक्षा संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

जिले के अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके, इसके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम कांकेर, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और पखांजूर में आयोजित किया जाएगा। कांकेर पुलिस के अनुसार मिशन रक्षक का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि मेहनती और प्रतिभावान युवाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे व्यवस्थित एवं अनुशासित प्रशिक्षण के जरिए अपनी शारीरिक क्षमता, परीक्षा की तैयारी और आत्मविश्वास को मजबूत कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे