(राउंडअप) कन्हर नदी में युवक बहा, देर शाम तक रेस्क्यू अभियान जारी, शव नहीं मिला
बलरामपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित कन्हर नदी में रविवार सुबह एनीकट पार करने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बहे युवक का देर शाम तक भी कोई सुराग नहीं मिल सका। बलरामपुर नगर सेना की टीम ने दिनभर नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद युवक का शव बरामद नहीं हो पाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे झारखंड के गोदरमाना से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा युवक रामानुजगंज के कन्हर नदी स्थित एनीकट को पार करने की कोशिश कर रहा था। एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में पहुंचते ही युवक तेज बहाव के बीच फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काफी देर तक युवक एनीकट के बीच फंसा रहा। इसके बाद अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी की तेज धार में बह गया। लोगों ने युवक को करीब 500 मीटर तक पानी में बहते हुए देखा, जिसके बाद वह नदी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद बलरामपुर नगर सेना की टीम रामानुजगंज पहुंची और कन्हर नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम के जवान लाइफ जैकेट पहनकर और बांस की मदद से नदी के किनारे-किनारे युवक की तलाश करते रहे।
नदी में तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के कारण रेस्क्यू टीम को काफी सावधानी के साथ अभियान चलाना पड़ा। दिनभर तलाश के बावजूद देर शाम तक युवक का शव बरामद नहीं किया जा सका।
रेस्क्यू अभियान की जानकारी मिलने के बाद शिव मंदिर छठ घाट के आसपास बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। लोग लगातार नदी की ओर नजर लगाए रहे और युवक के मिलने का इंतजार करते रहे। फिलहाल युवक की तलाश जारी है और रेस्क्यू टीम नदी के संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रही है।
तेज बहाव में एनीकट पार न करने की अपील
लगातार बारिश के कारण कन्हर नदी समेत क्षेत्र की अन्य नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कई स्थानों पर एनीकट और पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से ऐसे स्थानों को पार करने का जोखिम नहीं उठाने तथा नदी के तेज बहाव से दूर रहने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

