home page

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संवरा ज्योति का जीवन

 | 
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संवरा ज्योति का जीवन


पीएम आवास, उज्ज्वला और महतारी वंदन योजना का मिला सहारा, ज्योति बनी आत्मनिर्भर

जांजगीर-चांपा 07 अप्रैल (हि.स.)। शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इसी कड़ी में योजनाओं का लाभ लेकर जिले के विकासखंड पामगढ़ के लोहर्सी की निवासी ज्योति कश्यप आज एक बेहतर और सम्मानजनक जीवन जी रही हैं।

ज्योति कश्यप की जिंदगी कभी कठिनाइयों से घिरी हुई थी। उनका कच्चा घर हर मौसम में जैसे उनकी परीक्षा लेता था। बारिश होते ही छत टपकने लगती थी, घर के कोनों में पानी भर जाता था। लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाते समय उठता धुआं आंखों में जलन करता था, सांस लेना मुश्किल हो जाता था और पूरा घर धुएं से भर जाता था। यह केवल असुविधा नहीं, बल्कि रोज़ की एक ऐसी कठिनाई थी, जिससे उनका स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा था।

इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी मिली। उम्मीद और विश्वास के साथ उन्होंने आवेदन किया और जब उन्हें आवास स्वीकृत हुआ, तो जैसे उनकी जिंदगी में एक नई रोशनी आ गई। पक्का घर बनने के बाद अब उनका परिवार सुरक्षित और सुकून भरे माहौल में रह रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत उन्हें गैस सिलेंडर मिला, जिससे उनकी रसोई पूरी तरह बदल गई। पहले जो काम कठिन लगता था, अब वही काम सुविधा और सुकून के साथ हो रहा है। इससे उनके स्वास्थ्य में भी सुधार आया है और समय की बचत भी हो रही है।

इसी प्रकार महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में आत्मनिर्भरता का एक नया अध्याय जोड़ा है। हर महीने मिलने वाली 1000 रुपए की सहायता से अब वे अपनी छोटी-छोटी जरूरतें खुद पूरी कर पा रही हैं। पहले जहां हर जरूरत के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। यह बदलाव उनके जीवन में सम्मान और आत्मगौरव लेकर आया है। आज श्रीमती ज्योति कश्यप की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है। जो जीवन कभी अभाव और संघर्ष से भरा था, वही अब सुख, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की मिसाल बन गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT