न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली
रायपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। राज्यपाल रमेन डेका ने सोमवार को लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम् में न्यायाधिपति कृष्ण राम महापात्र को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। इसके पूर्व न्यायमूर्ति महापात्र उड़ीसा उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल ने मुख्य न्यायाधीश कृष्णराम महापात्र को राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी तथा उन्हें पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी एवं अनुज शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य न्यायाधीश महापात्र की धर्मपत्नी अनिता महापात्र सहित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण भी मौजूद रहे। प्रदेश के मुख्य सचिव विकास शील ने राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया और शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक शर्मा, उच्च न्यायालय बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्तागण उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि न्यायमूर्ति कृष्णराम महापात्र छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 16वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

