home page

जेएसडब्ल्यू प्लांट में 7.5 किलो तांबा तार चोरी का खुलासा, सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार

 | 
जेएसडब्ल्यू प्लांट में 7.5 किलो तांबा तार चोरी का खुलासा, सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 28 जुलाई (हि. स.)।जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र स्थित जेएसडब्ल्यू प्लांट, नरियरा में तांबा तार चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए कंपनी के ही एक सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 7.5 किलो तांबा तार बरामद कर उसे आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, जेएसडब्ल्यू नरियरा में साइड मैनेजर अनिल कुमार रेड्डी ने थाना मुलमुला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे पेट्रोलिंग के दौरान सेपको क्रेन एरिया में रखा 7 किलो 500 ग्राम तांबा तार, जिसकी कीमत करीब 7,500 रुपये है, गायब मिला। जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड आशाराम नारंगे मौके पर मौजूद था, जिस पर संदेह होने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर मुलमुला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 298/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध सिक्योरिटी गार्ड आशाराम नारंगे को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपित ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि चोरी के बाद तांबा तार को ग्राम नरियरा स्थित एक कुएं के पास छिपा दिया था। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा तांबा तार बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान आशाराम नारंगे (29 वर्ष) निवासी ग्राम डोंगाकोहरौद, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उप निरीक्षक हेमलाल महिलांगे तथा थाना मुलमुला पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का मामला शीघ्र सुलझ गया और चोरी गया तांबा भी बरामद कर लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT