home page

विद्युत उपभोक्ता सेवाओं में सुधार पर संयुक्त कार्यशाला, शिकायतों के त्वरित निराकरण और बेहतर सेवा पर जोर

 | 
विद्युत उपभोक्ता सेवाओं में सुधार पर संयुक्त कार्यशाला, शिकायतों के त्वरित निराकरण और बेहतर सेवा पर जोर


धमतरी, 22 जुलाई (हि.स.)। विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को कुरुद स्थित विश्राम गृह में विद्युत उपभोक्ता सेवा सुधार विषय पर उपभोक्ताओं एवं विभागीय अधिकारियों की बुधवार को संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला में छत्तीसगढ़ विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक खंडेलवाल ने उपभोक्ताओं को विद्युत शिकायत निवारण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बिल संबंधी त्रुटि, कम वोल्टेज, ट्रांसफार्मर खराबी, नए विद्युत कनेक्शन सहित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सबसे पहले संबंधित वितरण केंद्र या उपसंभाग के कनिष्ठ यंत्री अथवा सहायक यंत्री से संपर्क करें। यदि निर्धारित स्तर पर शिकायत का समाधान नहीं होता है तो उपभोक्ता फोरम में निशुल्क शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्युत सेवाओं के प्रति उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाना तथा शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। इस दौरान 1912 टोल-फ्री नंबर, मोर बिजली ऐप और विभागीय कार्यालय के माध्यम से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। अशोक खंडेलवाल ने सभी सहायक यंत्रियों एवं कनिष्ठ यंत्रियों को निर्देशित किया कि वे उपभोक्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें, प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा के भीतर उसका निराकरण सुनिश्चित करें तथा नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करें।

उन्होंने बिजली कटौती, नए कनेक्शन, मीटर परिवर्तन सहित अन्य सेवाओं का नियमानुसार समयबद्ध निष्पादन करने के निर्देश भी दिए। कार्यशाला में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के साथ कुरूद संभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक यंत्री, कनिष्ठ यंत्री एवं फील्ड स्टाफ मौजूद रहे। इस दौरान उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके त्वरित निराकरण के लिए मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए। अंत में अशोक खंडेलवाल ने कहा कि विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम का उद्देश्य उपभोक्ताओं और विभाग के बीच मजबूत सेतु बनकर पारदर्शी, जवाबदेह एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा