home page

जांजगीर में जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस की रेड, चार जुआरी गिरफ्तार, 3530 रुपये जब्त

 | 
जांजगीर में जुआ फड़ पर कोतवाली पुलिस की रेड, चार जुआरी गिरफ्तार, 3530 रुपये जब्त


जांजगीर चांपा, 19 अगस्त (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में जुआ और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का धरपकड़ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली जांजगीर पुलिस ने आज ग्राम पिसौद में जुआ फड़ पर रेड कार्रवाई करते हुए चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 3530 रुपये नगद, ताश की पत्तियां और प्लास्टिक बोरी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली पुलिस की टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पिसौद में सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और मौके से चार लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान राजू साहू (37), प्रमोद साहू (26), प्रमोद केवट (40) और तुलेश्वर साहू (22), सभी निवासी ग्राम पिसौद, जांजगीर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से 3530 रुपए नगद समेत जुआ खेलने में इस्तेमाल ताश की पत्तियां और प्लास्टिक बोरी जब्त की है।

पुलिस ने चारों आरोपिताें के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क और नगर पुलिस अधीक्षक योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 को सूचना दें।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT